
चाकुलिया : चाकुलिया थाना क्षेत्र के जिरापाड़ा गांव में 9वीं की छात्रा का शव घर में पड़ा था. मृत छात्रा की छोटी बहन ने पिता को दूरभाष पर सूचना दी कि दीदी की तबियत खराब है वह जमीन पर पड़ी हुई है. सूचना पाकर परिजन घर लौटे और छात्रा को उपचार कराने के लिए सीएचसी पहुंचाया. वहां सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ रंजित मुर्मू ने छात्रा को मृत घोषित कर दिया. डॉक्टर ने बताया कि छात्रा के गले में रस्सी का निशान है. छात्रा की मौत संदेहास्पद है. डॉक्टर ने इसकी सूचना थाना को दी. सूचना पाकर एसआई ललित खलको सीएचसी पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए घाटशिला भेज दिया. पुलिस ने घटना की जानकारी छात्रा के माता पिता से ली. छात्रा के पिता ने कहा कि वह दोनों पति-पत्नी शुक्रवार की दोपहर अपने बड़ी बेटी के घर बाइनांगला गये थे. घर पर दो बेटियां ही थीं. सुबह छोटी बेटी ने कहा कि दीदी घर पर बेहोश पड़ी हुई है. कहा कि घर आकर देखा तो बेटी जमीन पर पड़ी हुई थी. कहा कि उसकी बेटी को किसने मारा या कैसे मरी मालूम नहीं है. पुलिस घटना के संबंध में पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुट गई है.







