
बहरागोड़ा : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी रविवार को बहरागोड़ा प्रखंड के बृंदावनपुर और सारसाबेड़ा गांव पहुंचे, जहां वे हाल में ही वज्रपात से मृत बीएड छात्र कार्तिक सोम के परिजनों से मिले और परिवार को सांत्वना दी. डॉ गोस्वामी ने कहा कि कार्तिक अत्यंत होनहार छात्र था. एमएससी की पढ़ाई पूरी करने के पश्चात वह बीएड की पढाई कर रहा था. कार्तिक के असामयिक निधन से बहरागोड़ा ने एक मेधावी छात्र खो दिया है. डॉ गोस्वामी ने कार्तिक के परिवार को आश्वस्त किया कि वे इस दुर्घटना के लिए सरकार से 4 लाख रुपये का मुआवजा दिलवाने में मदद करेंगे. डॉ गोस्वामी सारसाबेड़ा गांव स्थित मृतक प्रवासी मजदूर हेमन्त नायक के परिजनों से भी मिले और उनके परिजनों को श्राद्ध कार्य के लिए आर्थिक मदद कर चावल प्रदान किया. उन्होंने गोपालपुर पंचायत के मुखिया से मृतक प्रवासी मजदूर की विधवा के लिए विधवा पेंशन का फार्म भरवाने तथा पारिवारिक लाभ का फार्म भरने का आग्रह किया. उन्होंने दोनों परिवारों को आश्वस्त किया कि वे हमेशा उनके साथ रहेंगे. मौके पर नेता निर्मल मुर्मू, गणेश हासदा, पिजूस प्रधान, मोतीलाल प्रधान, गोपाल नायक, बनबिहारी दे, आशीष महापात्रा, बिपल्व शंकर दे, सेवक बट्टब्याल, पापु दंडपाट , सूर्य मुर्मू, अरूण साव, सौरभ घोष समेत अन्य उपस्थित थे.







