
चाईबासा : पश्चिम सिंहभूम जिले के चाईबासा नगर परिषद एरिया में अतिक्रमण हटाया जायेगा. इसको लेकर अतिक्रमण हटाने की जन सूचना प्रसारित किये जाने से फुटपाथ दुकानदारो में हड़कंप मच गया है. इस समस्या को लेकर चाईबासा फुटपाथ विक्रेता दुकानदार संघ कल्याण ट्रस्ट प्रतिनिधिमंडल ने विधायक दीपक बिरुवा से सोमवार को सरनाडीह में मिला. फुटपाथ दुकानदारो ने चाईबासा नगर परिषद द्वारा वर्तमान में अतिक्रमण संबंधित आदेश को स्थगित करने की गुहार लगाई. वहीं विधायक दीपक बिरुवा को एक ज्ञापन भी सौंपा. फुटपाथ विक्रेताओं ने विधायक श्री बिरुवा को बताया कि पिछले तीन महीने से कोविड -19 में लॉकडाउन के कारण दुकान बंद थी. अब सरकार के आदेश पर दुकान खोलने का समय आया तो अब नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाने की सूचना प्रसारित किया जा रहा है. दुकानदारो ने बताया कि लाकडाउन के कारण फुटपाथ विक्रेता दुकानदारों की आर्थिक स्थिति खराब हो गई है. विधायक दीपक बिरुवा ने फुटपाथ विक्रेता, दुकानदारो को आश्वस्त किया कि प्रशासन से आग्रह किया जाएगा कि अतिक्रमण नहीं हटाया जाए. चूंकि कोरोना के इस वैश्विक आपदा के तीन माह में हर किसी को आर्थिक समस्या से जूझना पड़ रहा है. ऐसे में किसी के रोजगार में दिक्कत नहीं होना चाहिए. फुटपाथ दुकानदारो ने विधायक से वर्तमान में अतिक्रमण संबंधित आदेश को निरस्त कर स्थगित कराने का गुहार लगाया ताकि सभी दुकानदारों की आजीविका चलती रहे. चाईबासा फुटपाथ विक्रेता दुकानदार संघ कल्याण ट्रस्ट के प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष विकास कुमार, सचिव महादेव दास, रवीन्द्र नाथ, गणेश कुमार, आशीष महतो, मो.तस्लीम, शेख अली, मोहम्मद तौफिक शामिल थे.







