पोटका: कोवाली थाना अंतर्गत हल्दीपोखर मुबारक बस्ती के समीप सोमवार सुबह स्कूली बच्चों को लेकर जा रहा एक टेम्पो अचानक सड़क पर पलट गया. हादसे में टेम्पो पर सवार विद्या भारती इंग्लिश स्कूल के चार छात्र मोहम्मद,राजिक व बाबू घायल हो गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार, हल्दीपोखर आजाद बस्ती से बच्चों को लेकर टेम्पो हाता के समीप स्थित विद्या भारती इंग्लिश स्कूल जा रहा था. इसी दौरान मुबारक बस्ती के पास टेम्पो के कुछ पुर्जों में खराबी आ गई, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और टेम्पो सड़क पर पलट गया.(नीचे भी पढ़े)

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चों को इलाज के लिए सीट नर्सिंग होम पहुंचाया, जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया. राहत की बात रही कि एक-दो बच्चों को मामूली चोटें आने के अलावा किसी को गंभीर चोट नहीं आई.शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि छोटे से टेंपो में क्षमता से अधिक बच्चों को ठूंस-ठूंसकर भरा गया था. इस हादसे ने अभिभावकों के दिलों को झकझोर कर रख दिया है और स्कूल वाहनों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.












