
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा विधायक समीर महंती ने प्रखंड की गुहियापाल पंचायत के गुहियापाल गांव का दौरा किया. दौरे के क्रम में विधायक श्री महंती ओड़िया उच्च विद्यालय पहुंचे. वहां विद्यालय के शिक्षकों ने विधायक को गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया. वहीं विद्यालय के शिक्षकों ने विधायक श्री महंती को अपनी समस्याओं से अवगत करा कर समाधान करने की मांग की. शिक्षकों ने कहा कि गुहियापाल ओड़िया हाई स्कूल वित्तरहित विद्यालय है. वित्तीय वर्ष 2017-18 एवं 2018-19 के अनुदान प्राप्ति हेतु सारी अहर्ता पूरा करने के पश्चात छात्र संख्या की कमी दशर्ते हुए सरकार ने अनुदान से वंचित कर दिया है. कहा कि विद्यालय को अनुदान में मिलने वाली वार्षिक राशि 7.20 लाख नही मिलने से विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों के समक्ष आर्थिक समस्या उत्पन्न होने लगी है. विद्यालय के शिक्षकों ने विधायक श्री महंती को मांग पत्र सौंप कर अनुदान राशि दिलाने की पहल करने की मांग की. इस दौरान श्री महंती ने आश्वस्त किया है कि वे इस संबंध में सरकार से बात कर यथासंभव सहयोग करेंगे. दौरे के क्रम में विधायक श्री महंती के साथ झामुमो प्रखंड अध्यक्ष असित मिश्रा, आशीष गिरि, रासबिहारी साव, अरुण बारीक, सुमित माइती, राजीव लेंका, जदुपति राणा, शिक्षक भूतनाथ उपाध्याय, अवनी पांडा, बेनधान पांडा, जहलाल उपाध्याय समेत अन्य लोग उपस्थित थे.







