
चाकुलिया : चाकुलिया नगर पंचायत के वार्ड छह के पार्षद मलय रूहीदास ने गुरुवार को बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में उन्होंने चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं का समाधान न कर अनावश्यक योजनाओं को तत्काल निरस्त करते हुए सरकारी पैसों का दुरुपयोग को रोकने और पहल करने की मांग की है. उन्होंने कहा है कि नगर पंचायत की स्थापना होने के बाद से लोगों को उम्मीद थी कि क्षेत्र का विकास होगा, लेकिन एक दशक से भी अधिक बीत जाने के बाद आज भी यहां के निवासी सड़क,नाली और साफ सफाई जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं. नगर पंचायत द्वारा ऐसे जरूरी मुद्दों को दरकिनार करते हुए उन योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जिनसे लोगों को कोई लाभ नहीं मिलेगा. ज्ञापन सौंपकर पार्षद ने कहा है कि पूर्णापानी पार्क का निर्माण और डीलक्स शौचालय, शहर के बाहर सामुदायिक शौचालय और विवाह भवन का निर्माण देख लोगों के मन में आज भी एक सवाल है कि कब इनकी जांच होगी और दोषियों पर करवाई होगी. इन सब घोटालों के वजह से जनता के कोप भाजन का शिकार जनप्रतिनिधियों को होना पड़ रहा है. इसके अलावा क्षेत्र का विकास न कर विभाग द्वारा दोबारा एक और नई पार्क निर्माण कराने की दिशा में अग्रसर है, जिस पर रोक लगाई जानी चाहिए.


















