पोटका: कोवाली थाना क्षेत्र के हड़ियान के समीप सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 24 वर्षीय भाजयुमो नेता सिद्धेश महतो का अंतिम संस्कार रविवार को पोस्टमार्टम के बाद तेलेंगकोचा गांव स्थित श्मशान घाट में पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ किया गया. अंतिम संस्कार के दौरान सबसे भावुक पल तब आया, जब हिंदू परंपरा के अनुसार सिद्धेश के 11 माह के मासूम पुत्र सिद्धांत महतो ने अपने पिता को मुखाग्नि दी. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद सैकड़ों लोगों की आंखें नम हो गईं.सिद्धेश महतो का विवाह करीब दो वर्ष पूर्व हुआ था. उनका पुत्र अभी महज 11 माह का है. शनिवार को सिद्धेश हल्दीपोखर बाजार से घर लौट रहे थे. इसी दौरान हड़ियान के समीप सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें पोटका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.(नीचे भी पढ़े)
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जब उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो पूरे गांव में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था. ग्रामीणों ने बताया कि सिद्धेश बेहद हंसमुख स्वभाव के युवक थे और सभी के साथ मिलनसार व्यवहार रखते थे.इस हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है. उनके पिता झामुमो नेता रीढ़ू महतो और मां कलावती महतो भी बीमार रहते हैं. ऐसे में परिवार के सामने दुखों का बड़ा संकट खड़ा हो गया है.सिद्धेश के अंतिम दर्शन के लिए जिला पार्षद सूरज मंडल, गणेश सरदार, मनोज सरदार, पोलटू मंडल, श्यामल प्रधान, सूरज मोदक, तनुज दास, सूरज पात्र, पोलटू प्रामाणिक समेत सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी.












