
जमशेदपुर : संयुक्त युवा संघ ने टाटा मोटर्स प्रबंधन से बिरसानगर, मनीफीट, ग्वाला बस्ती समेत आसपास के इलाकों में युद्ध स्तर पर सफाई की व्यवस्था करने की मांग की है. इस संबंध में संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को टाटा मोटर्स टाउनशिप के मुख्य प्रबंधक को एक ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में कहा गया है कि टेल्को कॉलोनी से सटे विभिन्न क्षेत्रों के लोग मजबूरन गंदगी के बीज गुजर-बसर कर रहे हैं. कोरोना काल यानी इस महामारी के दौर में जहां साफ-सफाई संक्रमण की रोकथाम का मुख्य साधन बन चुका है. वहीं बरसात के इस मौसम में उक्त बस्तियों में जानलेवा संक्रामक व जल जनित बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है. अत: उक्त विषय पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए बिरसानगर, मनीफीट, ग्वाला बस्ती व आसपास के इलाकों में युद्ध स्तर पर सफाई की व्यवस्था की जाये. अन्यथा, संयुक्त युवा संघ उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा. ज्ञापन सौंपनेवालों में संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रवि सिंह चंदेल, धीरज चौधरी, मोहन देवेश शुक्ला, रजत सिंह, संदीप समेत अन्य सदस्य शामिल थे.














