
चाईबासा : सदर प्रखंड के नीमडीह में ग्राम मुंडा कृष्णा बारी की अध्यक्षता व स्थानीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय के प्रधान शिक्षक कृष्णा देवग में की उपस्थिति में एक आवश्यक बैठक हुई. इसमें सरकार द्वारा अभिभावकों से मांगी गयी राय कि ‘विद्यालय खुलना चाहिए या नहीं’ पर चर्चा की गयी. इस पर अभिभावकों ने कहा कि पहली और दूसरी कक्षा के बच्चों को छोड़कर रोटेशन सिस्टम से शारीरिक दूरी बनाकर पढ़ाई आरंभ हो जाना चाहिए। अभिभावकों ने कहा कि इतने लम्बे समय तक विद्यालय बंद होना बच्चों को भी नागवार गुजर रहा है. कोरोना बीमारी कब तक खत्म होगी निश्चित नहीं है. ऐसे में बच्चों की पढ़ाई सुचारू रूप से नहीं होने से बौद्धिक विकास पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. अभिभावकों ने कहा कि हम गरीबों के लिए ऑनलाइन पढ़ाई कारगार साबित नहीं हो रही है. लिहाजा जल्द से जल्द विद्यालय खुल जाना है. बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दामू बारी, पूर्व अध्यक्ष पाण्डू राम कालुंडिया, उपाध्यक्ष मंगल सिंह बारी, सदस्य सरस्वती कालुंडिया, ज्योति कालुंडिया, वीरसिंह बारी, पूर्व वार्ड सदस्य रेंगो बारी, अभिभावकों की ओर से वीवी सिंह बारी, नंदु कालुंडिया, नरेश कालुंडिया, बुधराम कालुंडिया, भगवान कालुंडिया, कुश कालुंडिया, जगराम गोप, सुरेन्द्र गोप, सिकन्दर बारी, मंगल सिंह तांती, लखन गोप, मानकी बारी, हरिकृष्ण बारी, महेंद्र बारी, मोटका मुंदुईया, माना तुबिद, बुधन सुंडी समेत अन्य लोग उपस्थित थे.













