
जमशेदपुर : सावन के अंतिम सोमवारी पर जमशेदपुर शहर के शिवालयों में रौनक देखने को मिला. जहां सामाजिक दूरी का पालन करते हुए श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया. गौरतलब है, कि इस वर्ष सावन के माह में कुल 5 सोमवार थे. अंतिम सोमवारी पर भी श्रद्धालु शिवालयों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करते नजर आए. वैसे सावन की अंतिम सोमवारी पूर्णिमा के दिन पड़ी और रक्षाबंधन का पवित्र त्यौहार भी. यही कारण रहा कि आज शहर के तमाम शिवालयों में सामाजिक दूरी का पालन करते हुए लोगों ने पूजा-अर्चना की और भगवान भोलेनाथ से अपने परिवार तथा समाज के सुख समृद्धि की कामना की.
देवघर के बाबाधाम में लोगों ने किये दर्शन
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में झारखंड सरकार के निर्देश पर देवघर में बाबाधाम के कपाट को भक्तों के लिए खोल दिया गया. सावन की अंतिम सोमवारी और पूर्णिमा के दिन भक्तों ने बाबा वैद्यनाथ के दर्शन किये. कोरोना काल के बीच में पहली बार भक्तों के लिए इसके कपाट खोले गये. पहले सौ लोगों के दर्शन सोशल डिस्टेंसिंग के साथ कराया गया. इसके अलावा सैनिटाइजेशन भी कराया गया. बिना मास्क के किसी को अंदर जाने की इजाजत नहीं दी गयी.







