
Chaibasa : कमारहातु के ग्राम सभा एवं बुद्धिजीवी मंच के सदस्यों के प्रतिनिधिमंडल ने गांव में सामुदायिक सह लाइब्रेरी भवन निर्माण की मांग को लेकर ग्राम मुंडा बिरसा देवगम की अगुवाई में स्थानीय विधायक दीपक बिरुवा से उनके सरनाडीह स्थित कार्यालय में मिल कर एक ज्ञापन सौंपा। इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व में दिए गए मांग पत्र के संबंध में स्मरण कराते हुए कमारहातु में पेयजल आपूर्ति एवं बंद चूना पत्थर खदान के पानी से सिंचाई व्यवस्था बहाल करने की मांग की।
सामुदायिक सह लाइब्रेरी भवन निर्माण को लेकर विधायक दीपक बिरुवा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन देते हुए कहा कि लाइब्रेरी संचालन करना भटकाव का राह पकड़ते युवा विद्यार्थियों के लिए सही राह दिखाने का माध्यम हो सकता है, लिहाजा लॉकडाउन अवधि की अनिश्चतता के बीच फंड खर्च करने की अनुमति मिलती है तो प्राथमिकता के आधार पर सामुदायिक भवन का निर्माण अवश्य कराया जाएगा। वहीं पेयजल एवं सिंचाई व्यवस्था के संबंध में कहा कि इस पर कार्य आरंभ हो चुका है। प्रतिनिधिमंडल में कृष्णा देवगम, रांधो देवगम, सूरजा देवगम, प्रकाश देवगम, मंगल सिंह तियु व अन्य शामिल थे।







