
Jamshedpur : झारखंड की तीन प्रमुख आदिवासी भाषाओं मुंडारी, हो और कुडुख (उरांव) को आठवीं अनुसूची में शामिल करने के लिए राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री भारत को पत्र प्रेषित किये जाने पर पूर्व सांसद व जदयू के मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने प्रसन्नता जाहिर की है. साथ ही कहा है कि इन तीनों भाषाओं के साथ खड़िया भाषा को भी शामिल कर दिया जाता, तो बेहतर होगा.
मुख्यमंत्री को प्रेषित एक पत्र में श्री मुर्मू ने सीएम हेमंत सोरेन से संताली को झारखंड की प्रथम राजभाषा का दर्जा दिलाने की मांग की है. सालखन मुर्मू ने कहा है कि भारत की सबसे बड़ी जीवंत आदिवासी भाषा संताली 22 दिसंबर 2003 को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल की जा चुकी है. इसके लिए झारखंड, बंगाल, बिहार, ओडिशा और आसाम के लाखों आदिवासियों ने संताली भाषा मोर्चा के बैनर तले बहुत आंदोलन किये और पापड़ बेले, उसके बाद यह उपलब्धि हासिल हुई है. लेकिन संताली भाषा अबतक झारखंड की प्रथम राजभाषा का दर्जा प्राप्त नहीं कर सकी है.
सालखन मुर्मू ने बताया है कि देश के राष्ट्रपति को संताली भाषा को संविधान के अनुच्छेद 345 के तहत हिंदी के साथ झारखंड की प्रथम राजभाषा का दर्जा प्राप्त करने के लिए 10 जून 2020 को पत्र प्रेषित किया था. जिसके प्रत्युत्तर में केंद्रीय गृह मंत्रालय की तरफ से 5 अगस्त 2020 का पत्र प्राप्त हुआ. उसमें स्पष्ट मार्गदर्शन आया है कि झारखंड सरकार और झारखंड विधानसभा इस ऐतिहासिक कार्य को संपादित कर सकते हैं.
उन्होंने कहा है कि प्राथमिकता के आधार पर संताली भाषा को प्रथम राजभाषा का दर्जा प्राप्त होने से यह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कर सकेगी और लुप्त हो रही आदिवासी भाषाओं के बीच खुद जिंदा खड़ा होकर बाकी आदिवासी भाषाओं को प्रेरणा प्रदान कर सकेगी. सालखन मुर्मू ने कहा है कि आदिवासियों के लिए गर्व का विषय है कि आज झारखंड के तीनों प्रमुख संवैधानिक पदों पर मुख्यमंत्री, राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू व नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी विद्यमान हैं. तब भी यदि भारत की प्रथम आदिवासी भाषा-संताली, जो आठवीं अनुसूची में शामिल है, को झारखंड में प्रथम राजभाषा का दर्जा नहीं मिलता है तो यह ” हिस्टॉरिकल बलंडर ” ही साबित होगा.
पत्र में श्री मुर्मू ने चार अन्य प्रमुख मांगों का भी उल्लेख किया है, जिसके लिए भारत के 5 प्रदेशों के आदिवासी आंदोलनरत हैं
- महानायक वीर शहीद सिदो मुर्मू (हुल क्रांति के नायक-30 जून 1855-56) के छठवीं वंशज रामेश्वर मुर्मू के हत्या (12 जून 2020) की सीबीआई जांच करना.
- झारखंडी डोमिसाइल- 1932 को लागू करना.
- सरना धर्म कोड लागू करना.
- आठवीं अनुसूची में शामिल भारत की प्रथम आदिवासी भाषा – संताली को हिंदी के साथ झारखंड की प्रथम राजभाषा (अनुच्छेद 345) बनाना.
- महानायक सिदो मुर्मू (हुल क्रांति- SPT) और महानायक बिरसा मुंडा ( उलगुलान क्रांति-1895 से 1900 और CNT) के वंशजों की सुरक्षा, न्याय और समृद्धि के लिए दो ट्रस्टों का गठन और प्रत्येक ट्रस्ट को एक सौ करोड़ रुपयों की जमा पूंजी प्रदान करना.


















