
जमशेदपुर : जमशेदपुर में भीषण गर्मी पड़ रही है. जाहिर सी बात है, गर्मी को लेकर गैर कंपनी इलाकों में पानी की किल्लत हो रही है. पिछले मार्च महीने से ही लगातार बागबेड़ा, कीताडीह, घाघीडीह आदि गैर कंपनी इलाकों में पानी को लेकर कोहराम मचा हुआ है. हर दिन यहां के लोग पानी को लेकर जनप्रतिनिधि से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों तक के पास फरियाद लगा रहे हैं, लेकिन बारिश का मौसम शुरू होने को है क्षेत्र के लोगों को पानी के लिए अब आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ा. जहां बागबेड़ा के पंचायत प्रतिनिधियों ने जुस्को (अब नाम टाटा स्टील अरबन इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी लिमिटेड) कार्यालय के समक्ष सीएसआर के तहत पानी मुहैया कराए जाने की मांग को लेकर हंडी और तसली लेकर प्रदर्शन किया.
वैसे लॉकडाउन होने के कारण इन्होंने आज सांकेतिक प्रदर्शन किया. साथ ही चेतावनी भी दिया, कि अगर जुस्को सीएसआर के तहत उक्त इलाकों में पानी द्वारा नहीं पहुंचाती है, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा. पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि हर साल मार्च-अप्रैल महीने से ही जुस्को द्वारा गैर कंपनी इलाकों में सीएसआर के तहत पानी का वितरण किया जाता है, लेकिन इस साल महामारी कोरोना के बावजूद जुस्को ने सीएसआर के तहत गैर कंपनी इलाकों में जरूरतमंदों तक पानी नहीं पहुंचाया, जिससे वहां के लोगों में घोर नाराजगी है. आपको बता दें कि टाटा स्टील द्वारा बड़े एरिया में पानी की सप्लाइ जुस्को के माध्यम से करायी जाती है. बागबेड़ा और परसुडीह का इलाका सरकार के अधीन आतता है, लेकिन वहां काफी दिनों से पानी की समस्या है. इसको लेकर विभिन्न स्तर पर आंदोलन हो रहा है. मंगलवार को हुए आंदोलन में जिला परिषद सदस्य किशोर यादव, उपमुखिया सुनील गुप्ता समेत अन्य लोग मौजूद थे.
















