
जमशेदपुर: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री सह जमशेदपुर पश्चिम के विधायक बन्ना गुप्ता ने मानगो में अपना कार्यालय खोला. इस दौरान मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया, कि पश्चिम विधानसभा के अंतर्गत मानगो भी आता है, लेकिन उनका आवास कदमा में है, जिससे मानगो के लोगों को वहां जाकर समस्याएं बताने की अब जरूरत नहीं है. लोग अब मानगो कार्यालय में ही अपनी शिकायतें लेकर आ सकते हैं. मंत्री यहां कब बैठेंगे इसका खुलासा नहीं किया. उन्होंने इतना ही कहा कि हफ्ते में एक दिन यहां बैठने की योजना है. वही मंत्री बन्ना गुप्ता ने राज्य में भ्रष्टाचार मुक्त शासन की वकालत करते हुए ऊपर के अधिकारियों पर नकेल कसने की बात कही. एक बार फिर से मंत्री बन्ना गुप्ता ने भरोसा दिलाया है, कि करप्शन मुक्त शासन ही उनका उद्देश्य है, जिसमें वे लगातार काम करते हुए आगे बढ़ रहे हैं.














