
सरायकेला:सरायकेला -खरसांवा जिले में राज्य सरकार द्वारा आउटसोर्स कर्मियों को कार्य से बाहर का रास्ता दिखाने का मामला उग्र होता दिखाई दे रहा है. रविवार को जिले के चांडिल, गम्हरिया और राजनगर के स्वास्थय केंद्रों में तैनात आउटसोर्स कर्मी अस्पतालों के बाहर ही धरने पर बैठ गए. इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की. कर्मी सरकार द्वारा जिले के अस्पतालों में कार्यरत आउटसोर्स कर्मियों को निकाले जाने से काफी गुस्से में है. इस दौरान जिले के अस्पतालों में कार्य बाधित रहा. कर्मियों ने सीधे तौर पर हेमंत सरकार पर तंज कसा है. उनका मानना है कि पिछली सरकार द्वारा ऐसा कोई भी काम नही किया गया था. जब से हेमंत सरकार आई है तब से नौकरियों पर खतरा मंडराने लगा है. सरकार नौकरी देने के बजाय नौकरी छीन रही है. बीते दिनों सहायक पुलिस कर्मिय़ों के साथ भी ऐसा है किया गया था. आउटसोर्स कर्मियों ने कहा है कि जब तक इस आदेश को वापस नहीं लिया जाता तब तक आंदोलन जारी रहेगा औऱ वे लोग धरने पर बैठे रहेंगे. कर्मियों ने कहा कि सरकार के खिलाफ अब आर- पार की लड़ाई लड़ी जाएगी







