
बहरागोड़ा: झारखंड में होने वाले विधानसभा उपचुनाव में दुमका सीट पर चुनाव लड़ रहे झामुमो प्रत्याशी बसंत सोरेन के समर्थन में बुधवार को बहरागोड़ा के विधायक समीर महंती क्षेत्र का दौरा कर चुनावी रणनीति बनाई. श्री महंती ने चुनाव प्रचार के दौरान मसलिया प्रखंड के दलाही गांव में स्थित चुनावी कार्यालय पहुंचकर प्रखंड अध्यक्ष बासुदेव टुडू और सचिव असित वरण गलदार के साथ-साथ कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर चुनावी माहौल का जायजा लिया. उन्होंने पंचायतवार पार्टी की स्थिति की जानकारी ली. बैठक में चुनाव प्रचार की रणनीति बनाई. बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि राज्य में हेमंत सोरेन की सरकार गरीबों की विकास के प्रति सचेत है. कहा कि सरकार की विकास नीतियां और पार्टी के सिद्धांत को लेकर कार्यकर्ता लोगों तक पहुंचकर प्रत्याशी के समर्थन में वोट देने की अपील की. कहा कि जनता झामुमो और सरकार के पक्ष में है, लोगों को जागरूक कर मतदान के दिन अधिक से अधिक संख्या में लोगों को बूथ पहुंचाकर मतदान करायें ताकि प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित हो सके.







