जमशेदपुर : जमशेदपुर के मुखी समाज विकास समिति के एक प्रतिनिधिमंडल जिला कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश मुखी के नेतृत्व में पूर्वी सिंहभूम जिला परिषद के उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा से मुलाकात कर एक मांग पत्र सौंपा. इस ज्ञापन के माध्यम से जिला परिषद क्षेत्र अंतर्गत आने वाली मुखी समाज की बस्तियों में व्याप्त जनसमस्याओं के समाधान की मांग की गई. प्रतिनिधिमंडल ने उपाध्यक्ष का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि बस्तियों में बुनियादी नागरिक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है. ज्ञापन में प्रमुख रूप से मांगों को रखा गया. (नीचे भी पढ़े)
इसके तहत मांग की गयी कि बस्तियों में मच्छरों के प्रकोप और बीमारियों से बचाव के लिए नियमित फॉगिंग और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, नियमित साफ-सफाई, कचरे का त्वरित उठाव और नालियों की समुचित सफाई, स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक स्थानों पर सार्वजनिक/निजी शौचालयों का निर्माण, पेयजल की गंभीर समस्या को दूर करने के लिए जल मीनार का निर्माण और मुख्य सड़क पर सोलर लाइट लगाने की मांग की गयी. जिला परिषद उपाध्यक्ष पंकज सिन्हा ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और समस्याओं के त्वरित निष्पादन हेतु संबंधित विभागों से समन्वय बनाकर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया. इस अवसर पर मुखी समाज विकास समिति (पूर्वी सिंहभूम) के जिला कार्यकारी अध्यक्ष कमलेश मुखी, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष विकास मुखी, जिला उपाध्यक्ष राजेश प्रसाद मुखी, जिला सचिव दशरथ करवा एवं रवि करूवा मुख्य रूप से उपस्थित थे.







