जमशेदपुर : टाटा स्टील एक्स इंप्लाइज एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल टाटा स्टील के महाप्रबंधक डॉ विनिता सिंह से मुलाकात की. इन लोगों ने अस्पताल की विभिन्न समस्याओं और पूर्व कर्मचारियों व उनके परिजनों को आ रही व्यावहारिक दिक्कतों से उन्हें अवगत कराया और इनके शीघ्र समाधान की मांग की. प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि इमरजेंसी विभाग के विस्तार को देखते हुए वहां कम से कम 1-2 अनुभवी व विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए. इमरजेंसी में अति-आवश्यक व जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता बढ़ाई जाए. मरीजों को भटकने से बचाने और सही बीमारी के इलाज के लिए शुरुआत में ही सही डॉक्टर के पास भेजने हेतु डॉक्टरों की एक विशेष टीम बने. टीएमएच के सभी डॉक्टरों, उनके विभागों और विशेषज्ञता का विवरण देने के लिए एक डेडिकेटेड मोबाइल ऐप बनाया जाए. वरिष्ठ नागरिकों को डायबिटिक सेंटर में सीधे डॉक्टर को दिखाने की सहूलियत मिले. इंडोर में भर्ती गंभीर मरीजों के इलाज पर विशेष ध्यान दिया जाए और गंभीर बीमारियों से होने वाली मौतों की समीक्षा की जाए, ताकि भविष्य में बेहतर इलाज सुनिश्चित हो सके. (नीचे भी पढ़े)
प्रतिनिधिमंडल ने जीएम के समक्ष मुद्दा उठाया कि टीएमएच के विस्तार के साथ ही ओपीडी और इंडोर में मरीजों व उनके परिजनों या देखरेख करने वालों की संख्या काफी बढ़ गई है. इसके कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग छोटा पड़ रहा है, जिससे लोगों को काफी फजीहत झेलनी पड़ती है. इस पर जीएम डॉ विनीता सिंह ने आश्वासन दिया कि टीएमएच के ठीक सामने स्थित बंगले को तोड़कर नया पार्किंग स्थल बनाया जा रहा है. इसका कार्य टाटा स्टील यूआइएसएल द्वारा किया जा रहा है और काम में तेजी लाने के लिए टाटा स्टील यूआइएसएल अधिकारियों पर दबाव बनाया जाएगा. यह बताया गया कि वरिष्ठ नागरिकों और असहाय मरीजों की सुविधा को देखते हुए टोटो की सुविधा उपलब्ध करायी जा रही है. इसकी संख्या को बढ़ाने की भी मांग की गयी. जीएम डॉ विनीता सिंह ने एक बड़ी राहत की जानकारी दी कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को अब तीन महीने की दवाएं एक-एक महीने के अंतराल पर उनकी स्थानीय डिस्पेंसरी से ही प्राप्त हो सकेंगी, जिससे उन्हें बार-बार टीएमएच के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे. इस वार्ता के दौरान टाटा स्टील एक्स एम्प्लॉइज एसोसिएशन की ओर से रवींद्र नाथ चौबे, शिव शंकर मिश्र और विजय नारायण पांडे मुख्य रूप से मौजूद थे.





