
जमशेदपुर : झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और झारखंड की राजनीति के भीष्म पितामह जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय आगामी 15 नवंबर से अपने विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा कार्यक्रम करेंगे. जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने 15 नवंबर से 23 दिसंबर तक अपने विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में पदयात्रा कार्यक्रम चलाने की घोषणा की है. इसका उद्देश्य उन्होंने जनता से सीधा संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को जानकर अगले एक साल के लिए विकास का खाका तैयार करना बताया. श्री राय रविवार को भारतीय जन मोर्चा के साकची स्थित जिला कार्यालय में संवाददाताओं को संबोधित कर रहे थे. सरयू राय ने बताया कि 23 दिसंबर को जमशेदपुर पूर्वी की जनता ने उन्हें ऐतिहासिक जीत दिला कर क्षेत्र की कमान उनके हाथों में सौंपी थी. अगले एक साल के लिए उनके विधानसभा क्षेत्र की जो समस्याएं होंगी उनका निदान कैसे हो, समस्याएं किस तरह की हैं, आदि. इस पर क्षेत्र की जनता से विचार-विमर्श किया जाएगा और उनके सुझाव लिए जाएंगे. (आगे की खबर नीचे पढ़ें)
उन्होंने बताया कि बीते दिनों उन्हें शिकायत मिल रही थी कि साकची में कंपनी से बहने वाले नाले का पानी बरसात में बाहर बहने लगता है. लोगों ने उसे रोकने के लिए अपने घरों के बाहर दीवार बना दिये हैं. इस समस्या के निपटारे के लिए उन्होंने टाटा स्टील प्रबंधन के साथ एक बैठक की थी. बैठक में निर्णय लिया गया था कि इसके लिए मिनी सिवरेज का निर्माण करवाया जाए. हालांकि विधायक फंड काफी कम है, फिर भी आम जनता कि समस्याओं को सुन कर उन्हें निपटाया जाएगा. पदयात्रा की शुरुआत सीतारामडेरा से की जाएगी. हर मंडल में 2 से 5 दिनों तक का समय लगेगा. वहीं सरयू राय ने बिहार विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल को गलत बताते हुए परिणाम आने तक इंतजार करने की बात कही. सरयू राय ने बताया कि एग्जिट पोल और चुनावी सभाओं में भीड़ हार-जीत का पैमाना नहीं हो सकती. उन्होंने नीतीश कुमार के शासन काल की सराहना की. वहीं तेजस्वी यादव को भविष्य का नेता बताया और कहा अगर वे बिहार की कमान संभालेंगे तो बिहार का विकास जरूर होगा. वैसे उन्होंने नीतीश कुमार द्वारा किए गए विकास कार्यों की भी सराहना की.







