
जमशेदपुर : वैश्विक महामारी का दौर अभी जारी है. भले अनलॉक के तहत अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने की कवायद सरकारों ने तेज कर दी है, लेकिन कोरोना का दूसरा और तीसरा चरण काफी अहम माना जा रहा है. इधर सरकार और जिला प्रशासन के तमाम प्रयासों के बाद भी लोग कोरोना को लेकर लापरवाह नजर आ रहे हैं. आने वाले पर्व- त्योहारों को लेकर लोग ज्यादा जज्बाती हो रहे हैं. और कोरोना के कहर को नजरअंदाज करते हुए कोविड-19 के नियमों को ताक पर रखकर सड़कों और बाजारों में घूमते नजर आ रहे हैं.
सोमवार को पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सूरज कुमार एवं जिले के अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने शहर के मुख्य बाजारों एवं चौक- चौराहों का औचक निरीक्षण किया. हालांकि पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों ने आम लोगों से सजग रहने की अपील की. वही उपायुक्त ने कुछ लोगों को फटकार भी लगाई. हालांकि उपायुक्त ने साफ कर दिया है, कि अगर यही रवैया रहा, तो जिला प्रशासन सख्त रवैया अख्तियार करने को विवश हो जाएगी. उधर उपायुक्त के औचक छापेमारी से बाजारों में हड़कंप मच गया. लोग लोग इधर-उधर भागने लगे. दुकानदार अनायास ही शटर गिराकर अपनी दुकानें बंद करते देखे गए.













