
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन में दो बार अध्यक्ष रह चुके आर रवि प्रसाद के युग का अंत होने जा रहा है. वे फरवरी 2021 तक रिटायर हो जायेंगे, जिसके बाद उन्होंने चुनावी राजनीति से सन्यास लेने का ऐलान पहले ही कर दिया है. इस बीच नया घटनाक्रम के तहत टाटा वर्कर्स यूनियन के डिप्टी प्रेसिडेंट के पद पर रह चुके संजीव चौधरी टुन्नु को एक गुट ने अध्यक्ष पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है. उनके अध्यक्ष पद की घोषणा के साथ ही अब चुनावी माहौल गर्मा गया है. इसको लेकर संजीव चौधरी टुन्नु की काट सत्ता पक्ष खोज रहा है कि आखिर अब उनकी जगह कौन सत्ता पक्ष से अध्यक्ष पद का उम्मीदवार होगा क्योंकि आर रवि प्रसाद ने ऐलान कर दिया है कि वे अध्यक्ष पद के उम्मीदवार नही होंगे. इस बीच सत्ता पक्ष की ओर से बिहारी उम्मीदवार के तौर पर वर्तमान डिप्टी प्रेसिडेंट अरविंद पांडेय को उम्मीदवार बनाने की तैयारी की जा रही है. कभी संजीव चौधरी टुन्नु के करीबी रहे अरविंद पांडेय ही उनके खिलाफ अध्यक्ष पद के उम्मीदवार हो सकते है. वैसे महासचिव सतीश सिंह का चूंकि सत्ता पक्ष यानी आर रवि प्रसाद के बागी पदाधिकारी के रुप में जाना जाता है, इस कारण हो सकता है कि वे इस चुनाव में सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों तरफ का समर्थन लेते हुए महासचिव के पद पर ही चुनाव लड़ने की कोशिश करें. वैसे इन सारे दावेदारी के बीच टाटा वर्कर्स यूनियन के चुनाव का सेमीफाइनल होना बाकि है. सेमीफाइनल तो रिटर्निंग ऑफिसर (आरओ) का चुनाव होगा. यूनियन के संविधान के मुताबिक, पहले रिटर्निंग ऑफिसर का चुनाव होगा. उसमें हर पक्ष चाहेगा कि उसका व्यक्ति ही रिटर्निंग ऑफिसर बने ताकि मन मुताबिक सीटें बन सके. इसको लेकर रस्साकसी पहले ही चालू हो जायेगा, जिसमें यह औकात मालूम चल जायेगा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष की कितना औकात है और कौन कितने पानी में है. ऐसे में पहले सेमीफाइनल के साथ ही फाइनल की तैयारी शुरू कर दी जायेगी. वैसे चुनावी नियम के मुताबिक, हर हाल में दिसंबर तक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो जायेगी, जिसके तहत सबसे पहले रिटर्निंग ऑफिसर का चुनाव होना है, जिसको लेकर तैयारी की जा रही है. इसके बाद फिर अन्य पदों और कमेटी मेंबरों का चुनाव होगा. इसको लेकर अभी से ही चुनावी तापमान बढ़ चुका है.














