
जमशेदपुर : कोल्हान विश्वविद्यालय की 55वीं सिंडिकेट मीटिंग मंगलवार को विश्वविद्यालय में कुलपति डॉ गंगाधर पांडा की अध्यक्षता में हुई. मीटिंग में विभिन्न एजेंडों पर चर्चा करने के साथ ही विद्यार्थियों व शिक्षक-कर्मचारियों से जुड़े मसलों पर भी चर्चा हुई. सिंडिकेट सदस्य अमिताभ सेनापति से इसी एनएसएस, एनसीसी व स्पोर्ट्स कैंप में भाग लेनेवाले विद्यार्थियों के लिए विशेष परीक्षा का आयोजन करने का प्रस्ताव रखा, ताकि उनका सत्र व्यर्थ न हो. वहीं अपने पद से ऊंचे पद पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को सेक्शन ऑफिसर के रूप में पदनामित करने व उन्हें प्रतिनियुक्ति भत्ता देने, उन्हें प्रोन्नति देने आदि का भी प्रस्ताव रखा. वहीं इसे सत्र से नये सिरे से पीएचडी व एमफिल की पढ़ाई शुरू करने, बीएड, एमबीए व स्नातक स्तरीय वोकेशनल कोर्स के शिक्षकों की वेतन वृद्धि तथा विश्वविद्यालय में एमसीए की पढ़ाई अविलंब शुरू करने का प्रस्ताव रखा. बैठक में विश्वविद्यालय के प्रॉक्टर डॉ एके झा, परीक्षा नियंत्रक डॉ पीके पाणि, सिंडिकेट सदस्य राजेश कुमार शुक्ल समेत व अन्य पदाधिकारी व सिंडिकेट सदस्य उपस्थित थे.















