
चाईबासा : गृह विभाग, भारत सरकार के वरीय सुरक्षा सलाहकार के विजय कुमार मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम के जिला मुख्यालय चाईबासा पहुंचे. यहां टाटा कॉलेज स्थित हेलीपैड पर जिले के उपायुक्त अरवा राजकमल एवं पुलिस अधीक्षक अजय लिंडा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया. तत्पश्चात सुरक्षा सलाहकार ने जिला समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक की, जिसमें डीजी सीआरपीएफ डॉ एपी महेश्वरी, विशेष डीजी सीआरपीएफ कुलदीप सिंह, आईजी सीआरपीएफ नलिन प्रभात, आईजी अभियान, झारखंड सरकार साकेत कुमार सिंह, आईजी सीआरपीएफ डॉ महेश्वर दयाल, डीआईजी सीआरपीएफ सुनील जुन, डीआईजी सीआरपीएफ हनुमंत रावत, पुलिस अधीक्षक सरायकेला मोहम्मद अर्शी, 174 सीआरपीएफ कमांडेंट डॉ प्रेमचंद्र, 196 सीआरपीएफ कमांडेंट बिरसा उरांव, 60 सीआरपीएफ कमांडेंट आनंद कुमार जेराई उपस्थित थे.

बैठक के उपरांत वरीय सुरक्षा सलाहकार श्री कुमार ने बताया कि क्षेत्र में जिला पुलिस बल एवं केंद्रीय सुरक्षा बल की सक्रियता काफी बढ़िया है तथा इस क्षेत्र में नक्सल अभियान के खिलाफ जारी प्रगति 2 जिलों के पुलिस अधीक्षक चाईबासा और सरायकेला के बेहतर तालमेल से संभव हुआ है और यहां आने का मेरा मुख्य उद्देश्य इन सभी लोगों के द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना तथा उन्हें प्रोत्साहित करना ही है. उन्होंने कहा कि यहां पर आने के उपरांत जिला उपायुक्त से भी क्षेत्र के विकास के संबंध में वार्ता हुई है और इस संबंध में जब झारखंड राज्य के मुख्यमंत्री से मेरी वार्ता हुई वह भी इस पर सहमत हैं.














