
जमशेदपुर : समस्त मानव जाति को एक परमात्मा की संतान का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी का 551 वां प्रकाश पर बड़े ही श्रद्धा के साथ गुरुद्वारों में मनाया गया. कोरोना काल के बीच कोरोना के संक्रमण से बचाव के रास्ते अपनाते हुए यह पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया. इस मौके पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रचारक ज्ञानी गुरविंदर सिंह जम्मू वाले ने संदेश देते हुए कहा कि गुरुनानक देव जी का सच्चा सिख वही है, जो गरीबों, मजदूरों पर हो रहे जुल्म का प्रतिकार करें, जुल्म सहने वाले की जाति धर्म नहीं देखे. अत्याचार के खिलाफ बैठ जाएं जिस प्रकार गुरु नानक देव जी मुगल बादशाह बाबर के खिलाफ डट गए थे. उसी राह पर आगे गुरु तेग बहादुर जी चले और औरंगजेब के अत्याचार के खिलाफ विरोध करते हुए शहादत प्राप्त की.

यह गुरुनानक देव जी का सिद्धांत ही है कि सिखों ने मुगलों एवं अंग्रेजो के खिलाफ लड़ाइयां लड़ी वास्तव में वह जुल्म का विरोध था. आज देश में किसानों के साथ वही हालात हैं. ऐसे में गुरु नानक देव जी का सच्चा सिख जरूर आगे आएगा. हम ठंड से रुके हुए हैं और देश का किसान सड़कों पर अपने अधिकार के लिए डटा हुआ है. उस पर जुल्म हो रहा है और हमें उनका साथ देना चाहिए. वही गुरविंदर सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने एक ईश्वर एवं समस्त प्राणियों में एक ईश्वर की ज्योति का संदेश दिया है. मजहब मत अलग है परंतु धर्म तो एक ही है और धर्म यही सिखाता है मानवता का कल्याण करना है. गुरविंदर सिंह ने दोपहर के दीवान में मानगो एवं रात के दीवान टेल्को में संगत को यही संदेश दिया. जमशेदपुर के मानगो में प्रधान भगवान सिंह चेयरमैन कुलविंदर सिंह पन्नू, महासचिव जसवंत सिंह एवं सारी कमेटी तथा टेल्को में प्रधान गुरमीत सिंह तोते, महासचिव सुखदेव सिंह खालसा, राम किशन सिंह,दमनप्रीत सिंह एवं समस्त कमेटी ने लंगर की सेवा की. गुरुद्वारों में सुबह शाम कीर्तन दरबार सजा. संगत ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेक गुरु महाराज का शुकराना अदा किया. जमशेदपुर के कई गुरुद्वारों में सुबह चाय-नाश्ता तो दोपहर तथा शाम को लंगर का आयोजन हुआ. प्राय: सभी गुरुद्वारों में श्री अखंड पाठ का भोग डालने के उपरांत कीर्तन गायन हुआ और समस्त प्राणी जगत के कल्याण के लिए अरदास हुई. मानगो एवं टेल्को गुरुद्वारा में शिरोमणी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रचारक ज्ञानी गुरविंदर सिंह जी जम्मू वाले ने श्री गुरु नानक देव जी के सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार किया.

“अवलि अलह नूर उपाइया कुदरत के सभ बंदे, एक नूर ते सब जग उपजिया कउन भले को मंदे.” शब्द की व्याख्या करते हुए उन्होंने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी ने एक की बात की. एक ईश्वर का संदेश दिया. उनके अनुसार भले ही हम सिख हिंदू मुस्लिम ईसाई या अन्य मत के हैं. यह विभाजन वास्तव में मजहब का है. धर्म तो एक ही है और वह है समस्त मानव एवं प्राणी जगत का कल्याण एवं भला करना. जब गुरु नानक देव जी ने अवतार धारण किया तो अहंकार, वर्ण भेद, धर्म- संप्रदाय, पाप, ईर्ष्या, लोभ, व्यभिचार का बोलबाला था। धर्म की राह दिखाने वाले ही आपस में बंटे थे और ऐसे में गुरु नानक देव जी ने अपनी वाणी एवं प्रेम से समझाया कि हम सभी एक ही ईश्वर की औलाद हैं. हम सभी के अंदर एक ही की ज्योति है. वर्ण,ऊंच-नीच, भाषा, मजहब का भेदभाव गलत है. वहीं उन्होंने कहा कि जुल्म से टक्कर लेने की सीख सिखों को श्री गुरु नानक देव जी से ही मिली है. बाबर ने भारत में आक्रमण किया तो उसके जुल्म का टक्कर भी श्री गुरु नानक देव जी ने अपने वाणी से दिया था. जब और जहां भी जुल्म होगा सिख उसका प्रतिकार जरूर करेगा. मुगल बादशाह औरंगजेब के जुल्म का प्रतिकार करने गुरु तेग बहादुर ही सामने आए और उन्होंने शहादत का जाम पिया. अंग्रेजों के जुल्म का भी सामना सिखों ने किया और आज भी देश में लगभग उसी तरह के हालात बने हुए हैं. जब इस ठंड में हम अपने घरों में दुबके हैं तो देश के अन्नदाता अपने अधिकारों की प्राप्ति के लिए सड़कों में बैठे हुए हैं. ऐसे में सिख स्वाभाविक तौर पर उनकी मदद करने को आगे आएगा. वहीं उन्होंने संगत से आह्वान किया कि कहीं भी किसी गरीब मजलूम पर अत्याचार हो रहा है तो वे उसके पक्ष में खड़े हो और अत्याचारी के खिलाफत जरूर करें.

अंजाम की परवाह नहीं करें वाहेगुरु की रजा में रहे. बारीडीह गुरुद्वारा में सुबह में अखंड पाठ भोग के उपरांत ज्ञानी हरप्रीत सिंह के जत्था ने कीर्तन गायन किया. समस्त मानवता के कल्याण के लिए अरदास की गई और उसके उपरांत चाय नाश्ता की सेवा कमेटी की ओर से की गई. निशान साहिब की सेवा करने वाले सुखदेव सिंह, श्री अखंड पाठ के लिए कमलजीत सिंह टिनप्लेट एवं हर्षित सिंह मानगो को गुरु घर की ओर से प्रधान जसपाल सिंह महासचिव सुखविंदर सिंह, सलाहकार सुरजीत सिंह, खुशीपुर चेयरमैन मोहन सिंह ने सिरोपा भेंट किया. पूर्व प्रधान अमरजीत सिंह, पूर्व प्रधान बलविंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में संगत उपस्थित थे और यहां कमेटी की ओर से सभी के बीच मास्क का वितरण किया गया. साकची गुरुद्वारा में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के मौके पर सुबह एवं शाम का दीवान सजाया गया. सुबह में संगत की सेवा चाय नाश्ता एवं रात को लंगर से की गई. निशान साहब की चोला की सेवा करने वाले झारखंड अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष गुरुदेव सिंह राजा, सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरदार महेंद्र सिंह, चेयरमैन शैलेंद्र सिंह, सोनारी के सरदार गुरदीप सिंह को संगत की ओर से प्रधान हरविंदर सिंह मंटू, उपाध्यक्ष सुखविंदर सिंह राजू, महासचिव दलबीर सिंह सिरोपा भेंट किया गया. यहां संगत के बीच मास्क बांटे गए, लंगर की सेवा नानक सिंह नौजवान सभा के प्रधान राजू एवं स्त्री सत्संग सभा तथा कमेटी के पदाधिकारियों ने की. झारखंड गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान एवं सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह को स्टेशन रोड जुगसलाई, बिरसानगर, साकची के साथ ही कई गुरुद्वारों में सिरोपा एवं शाल भेंट कर सम्मानित किया गया. शैलेंद्र सिंह ने सिखों को आपसी एकता बनाने एवं श्री गुरु ग्रंथ साहिब के सिद्धांतों पर चलने पर बल दिया. उन्होंने मनुष्य एवं प्राणी जगत की सेवा करने का आह्वान किया और इस क्रम में लोगों को धर्म जाति के बंधन से ऊपर उठने का भी अपील की. उनके साथ ही सेंट्रल कमेटी के प्रधान महेंद्र सिंह झारखंड रंगरेटा दल के अध्यक्ष मनजीत सिंह गिल को भी सम्मानित किया गया.















