
आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के मांझी टोला चम्पई नगर और त्रिपुरारी कॉलोनी से दो दिन पूर्व ट्यूशन के लिए निकली दो नाबालिग छात्राएं नाटकीय घटनाक्रम के बाद गुरुवार को आदित्यपुर थाने लायी गयी. दोनों छात्राओं को चाईबासा की सड़कों पर भटकते देख लोगों को शक हुआ. वहीं फेसबुक से किसी ने दोनों छात्राओं के चेहरे का मिलान के बाद इसकी जानकारी आदित्यपुर पुलिस को दी, जिसके बाद आदित्यपुर पुलिस दोनों को सकुशल अपने साथ थाना ले आयी. हालांकि आदित्यपुर पुलिस ने इस संबंध में दोनों छात्राओं से पूछताछ के बाद ही कुछ भी बताने की बात कही. वहीं छात्राओं ने बताया कि उन्हें एक महिला चाईबासा ले गयी थी, रातभर एक कमरे में रहने के बाद सुबह जब दोनों सड़क पर टहल रही थीं, उसी दौरान एक युवक ने उन्हें देख लिया और दोनों को बैठाकर पुलिस को सूचना दे दी. वैसे पूरा मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.



