
जमशेदपुर : जमशेदपुर में इन दिनों बिजली विभाग की ओर से अंडरग्राउंड केबलिंग का काम जोरो से चल रहा है. इस दौरान विभाग की ओर से मनमानी भी की जा रही है. विभाग की मनमानी से आम जनता त्रस्त है. एक निजी एजेंसी द्वारा बागबेड़ा क्षेत्र में अंडरग्राउंड केबलिंग का काम किया जा रहा है. केबलिंग के काम के लिए गढ्ढा खोदे जाने का बाद सड़क की स्थिति जर्जर हो गई है. सड़क से धूल उड़कर लोगों के घरों में घुस रही है. बागबेड़ा, परसुडीह, हरहरगुट्टू, सरजामदा जैसे इलाकों में लोग धूल फांकने को विवश हैं. इधर बागबेड़ा के हरहरगुट्टू में सालों पुरानी पुलिया से दो लोहे के पाइप के सहारे केबल बिछाया गया है जिससे पुलिया संकरी हो गयी है. लोगों को पैदल आने-जाने में काफी समस्या आ रही है. जिस कारण स्थानीय लोगों के बीच आक्रोश व्याप्त है. उन्होंने पुल पर पाइप बिछाने का विरोध किया है और इसे लेकर काम बंद कराने की तैयारी में है.






