
आदित्यपुर : सरायकेला जिले के आदित्यपुर इलाके में इन दिनों बिजली विभाग की ओर से अंडरग्राउंड केबलिंग और मेंटेनेंस का काम जोर शोर से चल रहा है. साथ ही पुराने और जर्जर हो चुके बिजली के तारों को भी बदला जा रहा है. वैसे इस दौरान विभाग की लापरवाही भी देखी जा रही है. तस्वीरों में आप साफ देख सकते हैं. ये तस्वीर आदित्यपुर थाना अंतर्गत कल्पनापुरी चौक की है. जहां मेंटेनेंस में लगे मजदूर बगैर सेफ्टी बेल्ट और सुरक्षा मानकों का पालन कर बिजली के खंभे पर चढ़े नजर आ रहे हैं. वहीं काम करा रहे ठेकेदार और विभागीय अधिकारी आसपास कहीं नहीं देखे गए. ऐसे में किसी तरह का कोई हादसा होता है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन होगा ! वैसे इस संबंध में हमने विभागीय अधिकारियों से भी जानने का प्रयास किया, लेकिन विभागीय अधिकारी इस संबंध में कुछ भी बोलने से बचते नजर आए. वैसे यह नजारा न केवल कल्पनापुरी चौक का है, बल्कि जहां भी मेंटेनेंस का काम चल रहा है कमोबेश हर जगह यही स्थिति नजर आ रही है. भले सब कुछ ठीक-ठाक चल रहा है लेकिन किसी दिन कोई हादसा हो गया तो एक बड़ा बखेड़ा खड़ा हो सकता है.





