
जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो थाना अंतर्गत मानगो चौक के पास शुक्रवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया. घटना को अंजाम देने के बाद वाहन मौके से फरार हो गया. इधर चौक पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान मानगो रामकृष्ण कॉलोनी निवासी मुकेश तिवारी के रूप में की गई है. मुकेश साकची रिफ्यूजी कॉलोनी में फर्नीचर की दुकान चलाता था. मुकेश अपने पीछे पत्नी और दो बच्चे को छोड़ गया है. पत्नी फिलहाल पटना में है. पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है.

इधर सूचना पाकर भाजपा नेता विकास सिंह भी उनके घर पहुंचे. मिली जानकारी के अनुसार मुकेश तिवारी उल्टी दिशा से जा रहे थे. सामने से आ रहे वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. परिजन थाने में लिखित शिकायत करने पहुंचे हैं. वहीं विकास सिंह ने कहा कि मानगो चौक पर जो बैरियर लगा है, उससे आये दिन सड़क दुर्घटना हो रही है. उसी बैरियर के कारण मुकेश तिवारी विपरीत दिशा से जा रहे थे, जिसके कारण उनकी मृत्यु हो गई. जिला प्रशासन को इस बैरियर पर विचार करना चाहिए.




