
रांची : झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन भी सदन में जमकर हंगामा हुआ. भाजपा के विधायकों ने रघुवर की भाजपा सरकार के नियोजन नीति को हेमंत सोरेन की सरकार द्वारा रद्द करने की मांग को लेकर सदन में भाजपा ने जमकर हंगामा किया. इन लोगों ने जमकर बवाल काटा. इस दौरान सदन से भाजपा विधायकों ने वॉकआउट भी कर दिया. इस दौरान पहली बार दोपहर 12.30 बजे तक सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया था. इस हंगामा के बीच ही राज्य के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने झारखंड का 7323 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया. इस दौरान विपक्ष के विधायक हंगामा करते रहे. अनुपूरक बजट पेश होने के बाद फिर से सदन को स्थगित कर दिया गया. (पूरी खबरें पढ़ें नीचे)

आपको बता दें कि भाजपा और समूचा विपक्ष हेमंत सोरेन की सरकार द्वारा पूर्ववर्ती रघुवर दास की सरकार के नियोजन नीति को रद्द करने के खिलाफ आंदोलन कर रहे थे. सोमवार को जैसे ही झारखंड विधानसभा के सदन की कार्यवाही शुरु हुई, वैसे ही विपक्षी विधायक हंगामा करने लगे और वेल में आ गये. भाजपा के विधायक कार्यस्थगन प्रस्ताव लाकर इस पर चर्चा कराने की मांग कर रहे थे. कार्यस्थगन प्रस्ताव को पूर्व मंत्री और भाजपा विधायक अमर बाउरी ने लाया भी था, लेकिन स्पीकर रवींद्रनाथ महतो ने इसको अमान्य कर दिया, जिसके बाद हंगामा होने लगा. (पूरी खबरें पढ़ें नीचे)

स्पीकर रवींद्रनाथ महतो और संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने विपक्षी विधायकों को काफी समझाने का प्रयास भी किया, लेकिन वे लोग नहीं माने. इस दौरान यह भी आश्वासन दिया गया कि सदन में शांति बनाये रखें बाद में इस पर जरूर चर्चा करायी जायेगी, लेकिन भाजपा ने कुछ भी सुनने से इनकार कर दिया, जिसके बाद हंगामा बढ़ता चला गया. करीब चार बार भाजपा विधायकों ने हंगामा करते हुए वेल में आकर हंगामा किया. (पूरी खबरें पढ़ें नीचे)

इसके बाद सुबह करीब 11.30 बजे सदन की कार्यवाही को करीब एक घंटे के लिए स्थगित कर दिया गया. जब दोपहर 12.30 बजे सदन की कार्यवाही शुरू की गयी तो फिर से हंगामा होने लगा और भाजपा विधायकों ने वॉकआउट कर दिया. इस बीच सदन में चर्चा करायी गयी और बजट समेत तमाम मसलों पर चर्चा हुई.





