
जमशेदपुर: मार्च 2021 से देश भर में स्वच्छता सर्वेक्षण का कार्य शुरू हो चुका है. इधर जमशेदपुर अक्षेस विभाग ने इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी है. वहीं अपने शहर को स्वच्छ बनाए रखने की अपील विभाग ने शहरवासियों से की है. गौरतलब है कि विगत दो वर्षों से जमशेदपुर को देश और राज्य भर में बेहतरीन रैंकिंग स्वच्छता सर्वेक्षण में हासिल हो चुका है. साथ ही इसे और बेहतर बनाने का प्रयास अक्षेस विभाग कर रही है. जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि शहर में स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है. साथ ही डोर टू डोर कचरा उठाव अभियान भी सफलता से चल रहा है. वहीं सार्वजनिक स्थलों एवं सड़कों पर गंदगी फैलाने वालों पर कार्रवाई भी की जा रही है. उन्होंने बताया कि स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर को अव्वल रैंक तभी हासिल होगा जब शत -प्रतिशत यहां के नागरिक जागरूक होकर स्वच्छता को अपनाएंगे.











