
जमशेदपुर: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर जमशेदपुर विमेंस कॉलेज की छात्राओं ने पदयात्रा कर नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया. इस दौरान छात्राओं ने कॉलेज से लेकर बिष्टुपुर पोस्टल पार्क गोल चक्कर तक हाथों में बैनर- पोस्टर लिए नारी सशक्तिकरण का संदेश देते हुए पदयात्रा निकाली. कॉलेज की प्राचार्य डॉक्टर शुक्ला मोहंती ने छात्राओं के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाने की बात कही. उन्होंने बताया, कि कॉलेज की छात्राओं के लिए फ्री मेडिकल चेकअप कैंप लगाया गया है.
साथ ही पद्मश्री छुटनी महतो को सम्मानित किए जाने को लेकर एक एक कार्यशाला आयोजित किए जाने की बात उन्होंने कहीं. उन्होंने बताया कि कार्यशाला के माध्यम से छात्राएं जान सकेंगी कि छुटनी महतो ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए कितना संघर्ष किया है. वैसे नारी सशक्तिकरण की दिशा में आज पहले की तुलना में बेहतर काम किए जाने की बात उन्होंने कही. उन्होंने बताया, कि आज महिलाएं काफी आगे निकल चुकी है. हर क्षेत्र में महिलाएं अपना परचम लहरा रही हैं. पहले की तुलना में महिलाओं को बेहतर अवसर मिल रहे हैं.














