
घाटशिला : घाटशिला के झामुमो कार्यकर्ताओं के प्रयास से पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के निर्देश पर तमिलनाडु के कोयंबटूर में केपीआर एमिटेड कंपनी में 6 महीना से बंधुआ श्रमिक की तरह कार्यरत पूर्वी सिंहभूम जिला की पांच युवतियों को मुक्त कराया गया और कोयंबटूर से कंपनी के द्वारा बस से युवतियों को झारखंड भेजा जा रहा है. पांचों युवतियों ने झामुमो के जिला सोशल मीडिया प्रभारी गौरांग माहली और मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष प्रधान सोरेन को फोन और व्हाट्सएप पर अपना दुखड़ा बताते हुए उक्त कंपनी से मुक्त कराने की गुहार लगाई थी. प्रधान सोरेन और गौरांग माहली ने इसकी जानकारी विधायक रामदास सोरेन को दी.
विधायक ने निर्देश दिया कि मुसाबनी सहित घाटशिला विधानसभा की जितनी भी युवतियां फंसी है उपायुक्त के नाम आवेदन लिखकर उनके पास जमा कर दें शीघ्र उनका निराकरण करवाएंगे.
पांचों युवतियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और स्थानीय विधायक रामदास सोरेन से वीडियो के माध्यम से मुक्त करने की गुहार लगाई थी.


















