
सरायकेला: कोल्हान रेंज के डीआईजी राजीव रंजन सिंह बुधवार को सरायकेला पहुंचे. जहां उन्होंने जिला पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन के आलाधिकारियों के साथ नक्सल को लेकर अहम बैठक की. विदित हो कि बीते एक महीने के भीतर कोल्हान के चाईबासा और चक्रधरपुर में नक्सली घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है. साथ ही बंगाल में चुनाव भी होने वाले हैं ऐसे में नक्सली घटनाओं के बढ़ने की संभावना है.
इसको लेकर डीआईजी द्वारा यह अहम बैठक की गई. सरायकेला जिले के कुचाई, सरायकेला, खरसावां, चांडिल, नीमडीह और चौका थाना नक्सली गतिविधियों के लिए विख्यात है. साथ ही नीमडीह, चौका, चांडिल, ईचागढ़ और तिरुलडीह की सीमाएं बंगाल से सटे होने के कारण विशेष चौकसी बरतने को लेकर इस बैठक को अहम माना जा सकता है. डीआईजी ने नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन जारी रखने के संकेत दिए हैं. उन्होंने दावा किया कि हर हाल में नक्सलियों की गतिविधियों पर नकेल कसी जाएगी इसके लिए अधिकारियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है.














