
सरायकेलाः सरायकेला- खरसावां जिला के सरायकेला थाना अंतर्गत टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एक ऑटो पलट गई जिसमें ऑटो चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इनमें से ऑटो चालक रमेश महाली के दाहिने हाथ की दो उंगलियां कट गई है. तीनों को सरायकेला सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया.

बताया जाता है कि गम्हरिया के रपचा के गुरुचरण महाली (40) गौतम महाली (10) और रमेश महाली (40) ऑटो से खरसावां से दवा लेकर लौट रहे थे, इसी बीच दुगनी बजरंगबली मंदिर के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के क्रम में ऑटो चला रहे रमेश महाली ने ऑटो से संतुलन खो दिया और ऑटो पलट गई. वहीं स्थानीय लोगों के सहयोग से तीनों घायलों को सरायकेला सदर अस्पताल लाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया. तीनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है.











