
जमशेदपुर : टाटा वर्कर्स यूनियन ने कोरोना को लेकर अपने कदम और तेज किये है. कोरोना को देखते हुए टाटा वर्कर्स यूनियन ने बिष्टुपर के रोड स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम की सारी बुकिंग को बंद कर दिया है. इसके अलावा जो पहले से बुकिंग है, उसको भी रोक दिया गया है. आपको बता दें कि जमशेदपुर की सांस्कृतिक धरोहर के रुप में माइकल जॉन ऑडिटोरियम को माना जाता है, जहां यूनियन के सौजन्य से लोगों को सस्ते दर पर हॉल और तमाम सुविधाएं मिलती है. इसको लेकर जितने भी कार्यक्रम की बुकिंग थी, उसको रद्द करते हुए सारे पैसे को रिफंड करने का फैसला लिया गया है. टाटा वर्कर्स यूनियन के महासचिव सतीश कुमार सिंह ने इसको लेकर एक सरकुलर जारी किया है, जिसमें यह कहा गया है कि जब तक किसी भी कार्यक्रम का क्लियरेंस डीसी ऑफिस से नहीं होगा, उनको कार्यक्रम करने की इजाजत नहीं होगी. जिसका पहले से बुकिंग है, उनको भी क्लियरेंस डीसी ऑफिस से लाना होगा नहीं तो बुकिंग को रद्द कर पैसे वापस कर दिये जायेंगे. इससे पहले टाटा स्टील द्वारा निर्मित और टाटा वर्कर्स यूनियन द्वारा संचालित क्लब हाऊस की बुकिंग को भी रद्द कर दिया गया था. वहां भी किसी भी शादी समारोह या किसी कार्यक्रम के लिए लोगों को डीसी ऑफिस से क्लियरेंस लाने को कहा गया है. इसको लेकर अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु ने अपना आदेश निर्गत किया था. अब नये आदेश के बाद टाटा वर्कर्स यूनियन ने कोरोना को लेकर अपनी संजीदगी और चिंता दोनों प्रदर्शित कर चुकी है.













