
चाकुलिया : पश्चिम बंगाल सीमा से सटे पहाड़ की तलहटी में बसे प्रखंड के मधुपुर गांव के ग्रामीण विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण समरसेबुल पम्प का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं. गांव के ग्रामीण चंडी मुंडा, जयंत मुंडा, परेश मुंडा समेत अन्य ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने अपने विधायक निधि से सिंचाई हेतु डीप बोरिंग का निर्माण कराया था. ग्रामीणों ने कहा कि विगत कुछ माह पूर्व विद्युत विभाग द्वारा गांव पहुंची थ्री. फेज बिजली काटकर दो फेज कर दिया गया है, जिसके कारण पम्प नहीं चल पा रहा है. ग्रामीणों ने विगत दिनों बिजली विभाग कार्यालय में आवेदन देकर थ्री फेज बिजली देने की मांग की थी, परंतु विभाग द्वारा अबतक पहल नहीं की गयी है. इससे ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति रोष व्याप्त है. ग्रामीणों ने बताया कि गांव में थ्री फेज बिजली मिलने से बोरिंग के सहारे कई एकड़ जमीन पर किसान खेती कर लाभान्वित होते परंतु विभागीय लापरवाही के कारण गांव में बनी डीप बोरिंग दर्शन की वस्तु बनकर रह गयी है.



