
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना अंतर्गत खास महल स्थित सदर अस्पताल के पीछे सरकारी जमीन से पिछले दिनों हटाए गए अतिक्रमण के बाद वहां रह रहे लोग सोमवार को जमशेदपुर जिला मुख्यालय पहुंचे. हालांकि जिले के उपायुक्त ने उनसे मुलाकात करने से मना कर दिया. स्थानीय लोगों का कहना है, कि पिछले कई सालों से वे वहां झोपड़ी बनाकर गुजर-बसर कर रहे थे, लेकिन जिला प्रशासन ने सरकारी जमीन बताकर उनके आशियाने को उजाड़ दिया. अब उनके पास रहने का छत नहीं है. ऐसे में जिला प्रशासन उन्हें आशियाना मुहैया कराए ताकि वे अपने परिवार के साथ गुजर-बसर कर सकें. गौरतलब है, कि पिछले दिनों जिला प्रशासन ने खास महल के सैकड़ों एकड़ सरकारी भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर बनाए गए झोपड़ियों को जमींदोज कर दिया था. और कई लोगों को गिरफ्तार भी किया था. वहीं सरकारी जमीन पर दोबारा अतिक्रमण होने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी थी. उधर प्रशासनिक सख्ती के बाद बेघर हुए लोग अब जिले के उपायुक्त की शरण पहुंचे, लेकिन यहां भी उन्हें निराशा ही हाथ लगी है. फिलहाल बेघर हुए लगभग 600 लोग आशियाने की तलाश में है.












