
जमशेदपुर : जमशेदपुर में कोरोना संक्रमण प्रसार के रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन काफी सजग है. वहीं परिवहन व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए खुद अधिकारी सड़कों पर उतरकर कार्रवाई करने जा रहे है. इसी क्रम में उप परिवहन आयुक्त सह सचिव मुस्तकिम अंसारी, जिला परिवहन पदाधिकारी दिनेश रंजन व एमवीआई द्वारा मानगो बस स्टैंड तथा साकची गोलचक्कर में वाहनों में सघन मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया तथा लोगों को कोविड-19 अनुरूप उचित व्यवहार करने हेतु जागरूक भी किया. मास्क चेकिंग अभियान के दौरान 17 बसें व 42 टेम्पो का जांच करते हुए कुल 14000 रुपए जुर्माने की वसूली की गई जिसमें 1 बस का परमिट फेल होने के कारण 10,000 की जुर्माना राशि शामिल है. मास्क चेकिंग अभियान के दौरान ऑटो चालकों का भी फाइन काटा गया है. सभी यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वह सजग एवं सतर्क रहें तथा आवश्यक रूप से मास्क का प्रयोग करें. वाहन चालकों को निर्धारित संख्या में ही ऑटो में सवारी बैठाने का निर्देश दिया गया. पदाधिकारियों द्वारा अपील की गई की सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अवश्य करें। मास्क का प्रयोग करें तथा समय-समय पर सैनिटाइजर का उपयोग करते रहे. टेम्पो चालकों के वर्दी व वाहन के कागजातों की जांच करते हुए जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा टेम्पो चालकों को वर्दी पहनने की सख्त चेतावनी दी गई. उन्होने कहा कि वर्दी नहीं पहनने वाले चालकों से फ़ाइन की वसूली की जाएगी तथा सभी को लाइसेन्स व अन्य जरुरी कागजात अधतन रखने का निर्देश दिया गया.












