
जमशेदपुर : टाटा स्टील ने कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए और टीकाकरण अभियान को तेज करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है. इसके तहत तय किया गया है कि जो कर्मचारी कोरोना का टीका लेगा, उसको टीका लेने के दिन छुट्टी दी जायेगी. यह नया नियम लागू करने को लेकर बहुत जल्द सर्कुलर जारी कर दिया जायेगा. इसको लेकर टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह ने मैनेजमेंट से आग्रह किया था कि टीकाकरण अभियान को तेज करने और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के लिए एक दिन टीका के लिए छुट्टी दी जाये, जिस तरह रक्तदान करने के दिन एक दिन की छुट्टी कर्मचारियों की दी जाती है. इस पर टाटा स्टील मैनेजमेंट के आला अधिकारियों के साथ यूनियन अध्यक्ष की हुई बातचीत के बाद यह तय किया गया कि कर्मचारियों को टीका देने के लिए एक दिन की छुट्टी भी दी जायेगी. दूसरी ओर, कोरोना के दूसरे वेब की इंट्री व संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए टाटा स्टील गंभीर हैं. कंपनी अपने मेडिकल सर्विसेस को बेहतर से बेहतर करने में जुट गयी है. इसको लेकर मंगलवार को मेडिकल एडवाइजरी कमेटी की एक वर्चुअल मीटिंग हुई. मीटिंग में यह तय किया गया कि पिछले साल कोरोना के दौरान टीएमएच ने जिस तरह से तैयारी की थी और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कार्य किये थे. उसे फिर से एक बार ऐसी तैयारी की जरूरत है. टीएमएच पिछले अनुभव से प्राप्त अपने बेस्ट प्रैक्टिसेस को लागू करेगी. इसके साथ ही टेस्टिंग, ट्रेसिंग को बढ़ाने, जीटी 4 में जांच की क्षमता बढ़ाने की पर भी चर्चा की गयी है. कर्मचारी, अधिकारी के परिवार के सदस्य जो बाहर से आ रहे हैं उनकी जांच सुनिश्चित करने, पॉजिटिव होने पर ट्रेंसिंग को बेहतर से बेहतर तरीके से करने पर फैसला लिया गया. वहीं पिछले दिनों कोरोना मरीज मिलने के कारण बंद हुए टीएमएच के चार क्लिनिक में वैक्सीन सेंटर खोलने पर भी चर्चा हुई. वैक्सीन की संख्या बढ़ाये जाने पर भी विशेष रूप से चर्चा की गयी. 45 से ऊपर उम्र के लोग, कर्मचारी ज्यादा से ज्यादा संख्या में वैक्सीन ले इसके लिए जागरूक करने पर का फैसला लिया गया. वहीं इस बात पर भी चर्चा की गयी कि कोरोना संक्रमित मरीजों को प्राथमिकता देनी है. साथ ही अब 75 आयु वर्ष या उससे अधिक के बुजुर्ग भी ओपीडी में सीधे डॉक्टर से दिखा सकते हैं. पहले यह आयु सीमा 80 व उससे अधिक आयु के बुजुर्ग के लिए थी. इस मीटिंग में मैनेजमेंट की ओर से वीपी सीएस चाणक्य चौधरी, वीपी एचआरएम अत्रई सरकार, यूनियन की ओर से अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, महामंत्री सतीश सिंह और डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह मौजूद थे.














