
जमशेदपुर : जमशेदपुर समेत पूरे जिले में कोरोना संक्रमण प्रसार के रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी एहतियातन कदम उठाये जा रहे हैं. इसी क्रम में जमशेदपुर के जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) दिनेश रंजन के नेतृत्व में मानगो बस स्टैंड में यात्रियों व बस संचालक, चालक के बीच सघन मास्क चेकिंग अभियान चलाया गया तथा लोगों को कोविड-19 अनुरूप उचित व्यवहार करने हेतु जागरूक भी किया. मास्क चेकिंग अभियान के दौरान 8 बसों में यात्रियों द्वारा मास्क के प्रयोग की जांच करते हुए 5000 रुपए फ़ाइन की वसूली की गई. वहीं एक बस को ब्लैक लिस्ट भी किया गया. सभी यात्रियों से अपील की गयी कि वह सजग एवं सतर्क रहें तथा आवश्यक रूप से मास्क का प्रयोग करें. बस संचालकों को निर्धारित संख्या में ही यात्रियों को बैठाने व ऑटो में चालक के बगल में सवारी नहीं बैठाने का निर्देश दिया गया. यात्रियों से अपील की गई कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन अवश्य करें. मास्क का प्रयोग करें तथा समय-समय पर सैनिटाइजर का उपयोग करते रहे. जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा टेम्पो चालकों को वर्दी पहनने की सख्त चेतावनी दी गई. उन्होने कहा कि वर्दी नहीं पहनने वाले चालकों से फ़ाइन की वसूली की जाएगी तथा सभी को लाइसेन्स व अन्य जरुरी कागजात अधतन रखने का निर्देश दिया गया.













