
जमशेदपुरः जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद कार्यालय में कार्यपालक पदाधिकारी ने क्षेत्र के होटल, रेस्टूरेंट, मैरिज हॉल, लॉज और धर्मशाला संचालकों के साथ बैठक कर कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामले को देखते हुए राज्य सरकार की ओर से जारी गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने के लिए आदेश दिया है. राज्यभर में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए शाम 8 बजे से सुबह 6 बजे तक मेडिकल स्टोर को छोड़ सभी दुकानों को बंद करने का निर्देश जारी किया गया है. इधर जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में सरकार के गाइडलाइन का सही पालन हो, इसके लिए कार्यपालक पदाधिकारी जेपी यादव ने कहा कि शादी- विवाह की पार्टी में 200 ,रेस्टूरेंट में क्षमता से आधा, श्राद्धकर्म में 50 लोगों को शामिल होने की अनुमति है. साथ ही सभी ठहरने वाले होटलों में कोविड-19 के गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन हो. इसके लिए उन्होंने एक नोटिस भी जारी किया है जिसमें साफ तौर पर कहा कि वर्तमान हालात में कानून का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और संबंधित प्रबंधन पर भी विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.



