
जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह के गदडा स्थित दलमा राजा राकेश हेंब्रम के घर पर शुक्रवार शाम सेंदरा को लेकर एक बैठक का आयोजन किया गया. इस बैठक में 12 पंचायत के प्रतिनिधि शामिल हुए. बैठक का मुख्य उद्देश्य सेंदरा के लिए तारीख तय करना था. सभी के राय और मशवरा लेकर सेंदरा के लिए 24 मई की तारीख तय की गई. हालांकि इसके ठीक एक दिन पहले 23 मई को आदिवासी समाज के लोग दलमा की तराई में पूजा अर्चना करेंगे इसके बाद 24 मई को सभी शिकार पर निकलेंगे. इधर 13 अप्रैल से सरायकेला से सेंदरा की शुरुआत होगी. जो की अलग अलग जगहों पर होते हुए दलमा पहुंचेगी. दलमा राजा राकेश हेंब्रम ने बताया कि बैठक में निमंत्रण पत्र बनाया गया है जिसे सब को सेंदरा के लिए आमंत्रण दिया जाएगा. अलग अलग टीम बनाकर सबसे पहले 23 मई को दलमा तराई में पूजा की जाएगी उसके बाद सभी टीम सेंदरा के लिए निकलेगी. सेंदरा में जो भी शिकार मिलेगा उसे संबंधित टीम बांट कर अपने घर ले जायेगी. उन्होंने बताया कि पिछले साल कोरोना को लेकर सेंदरा नही मनाया गया था. इस साल भी कोरोना को देखते हुए अंत में निर्णय लिया जाएगा. अब गिरा सकम (आमंत्रण) हर गांव में भेजा जाएगा जिसके बाद लोग दलमा जंगल पर चढ़ाई कर जानवरो का शिकार करेंगे.












