
जमशेदपुर : जमशेदपुर के साकची थाना अंतर्गत काशीडीह के लाइन नंबर 5 स्थित एक घर में धर्म परिवर्तन का काम चल रहा था. इसकी सूचना पर विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे. कार्यकर्ता जब ललित मोहन दास के घर पर पहुंचे तो पाया कि घर के एक कमरे में छोटा चर्च बनाया गया है जहां 30 से 40 की संख्या में महिला एवं बच्चे मौजूद थे. मौके पर एक पादरी मादू नायक भी थे. सभी को देखकर विहिप के कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया. इधर सूचना पाकर साकची पुलिस भी मौके पर पहुंची और पादरी को पकड़कर थाना ले गई. इधर विहिप कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया. मौके पर मौजूद सभी महिलाओं और बच्चों को उनके घर भेज दिया गया. स्थानीय लोगों के अनुसार ललित मोहन दास के घर पर काफी दिनों से धर्म परिवर्तन का काम चल रहा है. यहां काफी संख्या में गरीब तबके के लोग आते हैं, जिन्हे लालच देकर धर्म परिवर्तन कराया जाता है. इधर ललित मोहन दास ने बताया कि घर पर पादरी को बुलाकर बाइबिल पढ़ी जाती है. लोगों के बीच प्रार्थना की जाती है. यह पिछले 20 से 25 सालों से चलता आ रहा है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.






