जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो पुल पर सोमवार को जाम लग गया. जाम करीब दोपहर एक बजे के बाद लगा.निर्माणाधीन पुल के निर्माण कार्य के बीच एक भारी वाहन के प्रवेश कर जाने और गलत साइड से बेतरतीब वाहनों के चलने के कारण मानगो पुल पर जाम लग गया. इस जाम की वजह से न सिर्फ आम लोग, बल्कि स्कूली बच्चे भी तीन घंटे से ज्यादा तक जाम में फंसे रहे. इस दौरान एंबुलेंस को भी काफी देर तक फंसे रहना पड़ा. सायरण बजाने के बाद भी उसे जाम से निकलने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. करीब साढ़े तीन घंटे के बाद आम लोगों को किसी तरह जाम से मुक्ति मिली. जाम सोमवार दोपहर करीब एक बजे से चार बजे के बीच की है.मिली जानकारी के अनुसार, मानगो और साकची को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर मानगो फ्लाई ओवर का निर्माण का कार्य चल रहा है. इस दौरान एक बड़े मशीन को काम में लगाया गया था. (नीचे भी पढ़े)

उसी दौरान बेतरतीब वाहनों के परिचालन के कारण एक गाड़ी फंस गया. उस गाड़ी को निकालने को लेकर धीरे- धीरे जाम की स्थिति बनने लगी. सूचना मिलने के बाद मानगो ट्रैफिक पुलिस दल बल के साथ मौके पर पहुंची और फंसी हुई गाड़ी को निकालने में जुट गई. बड़े वाहन के फंसने और संकीर्ण रास्ते के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई. देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसने विकराल रूप धारण कर लिया.जाम की विकट स्थिति की सूचना मिलते ही ट्रैफिक डीएसपी ने तुरंत दल-बल के साथ मानगो मौके पर पहुंचे. मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कड़े कदम उठाए. पुलिस बल ने बीच रास्ते में फंसे भारी वाहन को हटवाया और वैकल्पिक रास्तों से ट्रैफिक को डायवर्ट करना शुरू किया. इसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हुआ.




