
घाटशिला : बंगाल सीमा से सटे दो पंचायत काडाडूबा और भादुआ पंचायत में जलसंकट जैसी स्थिति बन गयी है. दोनों गांवों में ग्रामीण जल आपूर्ति विभाग की योजनाएं ठप है. दर्जनों चापाकल ख़राब पड़े हैं और क्षेत्र में एक दो जलमीनारों को छोड़कर सारे जलमीनार बेकार पड़े हैं. जहां से पानी की एक बूंद तक भी ग्रामीणों को मिलना मुश्किल हो रहा है. क्षेत्र में लाखों रुपए से बनी योजनाएं सफेद हाथी साबित हो रही है. पूर्व विधायक सह भाजपा प्रदेश प्रवक्ता कुणाल षाड़गी पंचायत समिति सदस्य सारथी टुडू के आग्रह पर काडाडूबा, घटीडूबा, भादुआ गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मिले और उनकी समस्याएं सुनी.

ग्रामीणों ने कहा कि गर्मी में उनके समक्ष पेयजल की घोर समस्या है, ग्रामीण पानी के लिए दर- दर भटक रहे हैं और गांव से दूर जाकर पीने के लिए पानी ला रहे हैं. ग्रामीणों की समस्या से अवगत होकर श्री षाड़गी ने उपायुक्त सूरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सत्यवीर रजक और पेयजल विभाग के कार्यपालक अभियंता शिशिर सोरेन से दूरभाष पर बात कर समस्या के अविलंब समाधान करने का आग्रह किया. पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि पंचायत स्तर पर और ब्लॉक स्तर पर पेयजल संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए समुचित राशि की व्यवस्था की गई है और जल्द ही ख़राब पड़ी इन योजनाओं व पुराने चापाकलों की मरम्मत का काम शुरू होगा.












