
सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले में चर्चित आदित्यपुर 2 स्थित 111 सेव लाईफ अस्पताल के प्रबंधक डॉक्टर ओपी आनंद को सोमवार को जेल भेज दिया गया है. इधर अस्पताल से रातों- रात जीवन रक्षक दवाइयों को हटा लिया गया और गायत्री शिक्षा निकेतन स्थित डॉक्टर आनंद के आवासीय परिसर स्थित एक गैरेज में एम्बुलेंस में दवाओं को छिपाकर रखे गए थे. इधर गुप्त सूचना मिलने पर ड्रग कंट्रोल विभाग की तीन सदस्यीय टीम दवाओं की जांच करने पहले 111 सेव लाइफ अस्पताल पहुंची, जहां दवाएं नहीं मिलने पर आरआईटी थाना पुलिस के सहयोग से टीम डॉक्टर आनंद के गायत्री शिक्षा निकेतन स्थित आवास पहुंच गैरेज में रखे एम्बुलेंस की जांच की, जिसमें से विभाग ने भारी मात्रा में यूज़ किए गए 123 प्रकार की जीवन रक्षक दवाइयां बरामद की जिसकी कीमत लगभग पांच लाख के आसपास बतायी गयी. इस दौरान डॉक्टर आनंद की ओर से कोई भी दवाओं के संबंध में दावेदारी करने अथवा जानकारी देने नहीं पहुंचे. विभाग की ओर से बताया गया कि एम्बुलेंस डॉक्टर आनंद के नाम से पंजीकृत है. विभाग ने नारकोटिस एवं साइकोट्रोपिक पदार्थ अधिनियम की धारा 1985 से सम्बंधित दवाइयां प्रपत्र 16 के तहत जब्त करते हुए बताया कि इस अधिनियम की धारा 8 (सी) एवं इसी अधिनियम की धारा 22 के तहत दंडनीय अपराध है. बताया गया कि बिना अनुमति के दवाओं का क्रय, विक्रय एवं भंडारण करना ड्रग कंट्रोलर एक्ट की नियमावली 1940- 1945 की धारा 18 सी, 18 बी एवं 27 का उल्लंघन है तथा इस अधिनियम की धारा 7(बी) (2) 27 (डी) एवं 28 (ए) के तहत दंडनीय है. लगभग 5 घंटे की कार्रवाई के बाद विभाग ने सभी जब्त दवाओं की सूची तैयार कर आरआईटी थाने को सौंप दी, जिसे मंगलवार को सीजेएम (मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत) के समक्ष पेश किया जाएगा. विभाग की ओर से ड्रग इंस्पेक्टर कुंज बिहारी, जया कुमारी एवं राजीव एक्का मौजूद रहे. वहीं डॉ आनंद के शुभचिंतकों एवं समाज के सदस्यों ने बताया कि अस्पताल बंद होने की संभावना को देखते हुए डॉ आनंद के कहने पर अस्पताल में मौजूद दवाइयों को अस्पताल से हटाकर यहां रखे गए थे, जिसे वापस करना था, ताकि कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों के उपचार में ये दवाइयां काम आ सके. इसी बीच रविवार को डॉ आनंद गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिए गए जिससे दवाइयां वापस नहीं की जा सकी. हालांकि इस संबंध में डॉक्टर ओपी आनंद के पारिवारिक सदस्यों की ओर से कुछ भी नहीं बताया गया.













