
जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना अंतर्गत शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 3 निवासी 20 वर्षीय प्रीति कुमारी पंडित ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. परिजनों को इसकी जानकारी तब हुई जब वे उसके कमरे में गए. कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया. किसी तरह दरवाजे को तोड़ा गया. दरवाजा तोड़ने पर परिजनों ने पाया की प्रीति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. उन्होंने तत्काल प्रीति को फंदे से उतारा पर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. इधर सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिजनों ने बताया कि प्रीति इंटर तक की पढ़ाई कर पढ़ाई छोड़ चुकी थी. उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. फिलहाल पुलिस अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज करने की तैयारी कर रही है. (नीचे देखे वीडियो आत्महत्या का और दूसरा न्यूज कैसे हुई कदमा में चोरी)
डिलीवरी बॉय के सामानों से भरे बैग की चोरी, कदमा थाना में मामला दर्ज
ई कॉमर्स के तहत एक निजी लॉजिस्टिक कंपनी में काम करने वाले डिलीवरी बॉय विष्णु भुजेल की सामानों से भरा बैग चोरी हो गया बैग में 71 शिपमेंट थे जिसका मूल्य 34,546 रुपए है. इस संबंध में विष्णु ने कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. विष्णु ने पुलिस को बताया कि रविवार को वह डिलीवरी करने बीएच एरिया स्थित टी एस फ्लैट में डिलीवरी करने गया था. बैग भारी होने की वजह से उसने बैग को बेसमेंट में ही रख दिया और समान की डिलीवरी करने ऊपर चला गया. जब वापस आया तो बैग वहां नही था. उसने आस पास काफी खोजबीन की पर बैग नही मिला. इधर शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है.













