
चाकुलिया : बंगाल की खाड़ी से उठने वाली चक्रवात तूफान यास के मद्देनजर चाकुलिया प्रखंड के पदाधिकारी और पुलिस प्रशासन अलर्ट है. बीडीओ देवलाल उरांव के निर्देश पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी देव कुमार विभिन्न पंचायतों में जाकर प्रचार वाहन से लोगों को यास तूफान की जानकारी देकर लोगों को तूफान से बचने की चेतावनी दी है. उन्होंने लोगों से अपील किया है कि 25, 26 और 27 मई तक तूफान का असर रहेगा कोई भी ग्रामीण अनावश्यक घर से बाहर ना निकले. कहा है कि जो भी ग्रामीण कच्चे मकान या जर्जर मकान में रह रहे हैं वे सुरक्षा की दृष्टिकोण से पंचायत भवन या फिर कोई भी सरकारी भवन में शरण ले लें. प्रचार वाहन के माध्यम से उन्होंने पंचायत सचिव और पंचायत के जन प्रतिनिधियों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराकर कहा कि किसी भी तरह की परेशानी या समस्या हो तो ग्रामीण संपर्क कर जानकारी दे जल्द समस्या का समाधान स्थानीय पदाधिकारियों द्वारा किया जाएगा.

देव कुमार ने बताया कि यास तूफान से निपटने के लिए स्थानीय प्रशासन द्वारा सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है. कहा कि तूफान के मद्देनजर प्रखंड कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाये गये हैं और दो एम्बुलेंस प्रखंड कार्यालय में तत्काल सेवा देने के लिए उपलब्ध कराने की दिशा में पदाधिकारियों द्वारा पहल की जा रही है. विदित हो कि मौसम विभाग द्वारा आज से ही यास तूफान आने की चेतावनी दी है और इसका असर क्षेत्र में भी दिखने लगा है. आज सुबह से ही आसमान में बादल छायें हुए हैं. वही यास तूफान के मद्देनजर घाटशिला, मुसाबनी, गुड़ाबांदा, डुमरिया, धालभूमगढ़ और बहरागोड़ा प्रखंड के सभी पदाधिकारी अलर्ट है और प्रखंड के सभी पदाधिकारी और कर्मियों को तूफान के आने की सूचना पर प्रखंड मुख्यालय में रहने की बात कही गई है. हलाकि तूफान का असर बहरागोड़ा, चाकुलिया और गुड़ाबांदा प्रखंड में ज्यादा असर होने की अनुमान है. तीनों ही प्रखंड बंगाल और ओड़िशा सीमा से सटा हुआ है जिस कारण यास तूफान का असर तीनों ही प्रखंड में ज्यादा असर कर सकता है.











