
सरायकेला : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के सात साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा सेवा ही संकल्प कार्यक्रम का आयोजन कर रही है. इसके तहत आज खूंटी संसदीय क्षेत्र का सेवा ही संकल्प कार्यक्रम का आयोजन सरायकेला जिला के कोलाबीरा में आयोजित किया गया. इस कार्यक्रम में खूंटी सांसद सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने हिस्सा लिया. इस दौरान काफी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से खूंटी सांसद सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने खूंटी संसदीय क्षेत्र के सभी विधानसभा के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. अर्जुन मुंडा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सात साल के कार्यकाल को आजाद के भारत के सबसे बेहतरीन शासन काल करार दिया. उन्होंने कहा, कि कोरोना जैसे महासंकट के बीच भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अडिग रह कर और बेहतर प्रबंधन से देश तथा आम लोगों की रक्षा हेतु लगातार प्रयत्नशील है. उन्होंने कार्यकर्ताओं को इस कोरोना महामारी के दौर में खुद को सुरक्षित रखने तथा लोगों की मदद करने की प्रेरणा दी. साथ ही उन्होंने इस महासंकट के दौर में राजनीति करने वाले पार्टियों को आड़े हाथों लेते हुए कहा, कि यह वक्त सेवा का है, ना कि राजनीति करने का. ऐसे में देश को इस महामारी का सामना करने में एकजुट रहना चाहिए और सेवा करना चाहिए. कार्यक्रम के दौरान सभी पंचायतों के लिए 50- 50 कोरोना किट का वितरण किया गया. जिसमें संक्रमण होने की सूरत में उपयोग आने वाली आवश्यक दवाइयां, सैनिटाइजर और मास्क रखी गई थी. साथ ही सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को इम्युनिटी बूस्ट करने को लेकर दवा भी दी गई, ताकि कार्यकर्ता इन दवाओं का सेवन कर अपना इम्यूनिटी बेहतर रखें और क्षेत्र में सेवा का कार्य करें. (नीचे भी पढ़ें)

कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंप समस्याओं से अवगत कराया
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र से जुड़े कई समस्याओं को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को ज्ञापन सौंपा गया. सांसद प्रतिनिधि शंभू मंडल ने तिरिल्डीह के पास जुस्को के लाइन जाने में हो रही दिक्कत को लेकर अर्जुन मुंडा का ध्यान आकृष्ट कराया तथा जल्द कार्य पूरा किए जाने की मांग की. वही दुगुनी के लोगों ने दुगनी से लेकर धातकीडीह तक बन रहे साढ़े 3 किलोमीटर की सड़क में भारी अनियमितता होने की केंद्रीय मंत्री से शिकायत की. लोगों ने बताया कि 1 करोड 59 लाख की लागत से बन रहे इस सड़क में काफी अनियमितता है. सड़क का कुछ हिस्सा पीसीसी तथा कुछ हिस्सा पिच किया जा रहा है. लेकिन दोनों ही स्तरों में भारी अनियमितता हो रही है. ऐसे में इस दिशा में कार्रवाई की जाए.













