
नयी दिल्ली: कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस पार्टी को मजबूती देने के लिए चार लोगों को नयी जिम्मेदारी दी है. इसमें मध्य प्रदेश के अलास्का के सांसद एस गिरि शंकर को छत्तीसगढ़ का नया प्रभारी बनाया गया है. जबकि झारखंड के महगामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह को उत्तराखंड का प्रभारी, कांग्रेस के नेता इमरान मसूद को दिल्ली और ब्रजलाल खबरी को बिहार का प्रभारी बनाया गया है. संजय दत्त को तमिलनाडू और पुडुचेरी के कार्यभार से मुक्त कर हिमाचल प्रदेश का जिम्मा दिया गया है. कांग्रेस पार्टी ने हाल में पांच राज्यों मे चुनाव के परिणाम आने के बाद संगठन में बदलाव करने संकेत दिए थे. कांग्रेस लगातार कमजोर होती जा रही है. इसके लिए संगठन में नयी जान डालने के लिए अलग अलग राज्यों में प्रभारियों को जिम्मा दिया जा रहा है. उन्हें संगठन के लिए टास्क भी मिल रहे है उसी के अनुसार काम भी करना है. पांच में राज्यों में हुए चुनाव परिणाम की रिपोर्ट कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य अशोक चह्वाण, सलमान खुर्शीद, मनीष तिवारी, विसेंट पाला और जे मणी ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को रिपोर्ट सौंपी थी. जिसके बाद से ही फेरबदल के कयास लगाए जा रहे थे. कमेटी ने रिपोर्ट में चुनाव परिणाम के बारे में कहा कि पार्टी का सही गठबंधन नहीं होना, उम्मीदवार चयन में पारदर्शिता नहीं होना, इसके अलावा संगठन का लगातार कमजोर होना बताया गया. सभी बिन्दुओं पर गहनता के साथ चर्चा होने के बाद पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि संगठन में नयी जान डालने के लिए युवाओं को पार्टी से जोडना होगा. जब तक संगठन मजबूत नहीं होगा तब तक पार्टी का जनाधार मजबूत नहीं होगा. इसके लिए शीर्ष नेताओं को लोकल स्तर के नेताओं को संपर्क कर लोगों को पार्टी से जोड़ना होगा तभी मजबूती आएगी. महगामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने कहा है कि मुझ पर भरोसा जताकर हमारी नेता मार्गदर्शक कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने और हमारे नेता राहुल गांधी, पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल और महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव ने बहुत बड़ी ज़िम्मेदारी सौंपी है. इस ज़िम्मेदारी का निर्वाहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्ठा के साथ निभाऊँगी.





